बदायूं में चीनी के दाम बढ़कर 65 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। बीते 25 दिनों में चीनी के दाम में 20 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिससे चाय का स्वाद भी महंगा हो गया है। जो चाय अभी तक 10 रुपये में मिल रही थी अब वह चाय 12 रुपये से लेकर 15 रुपये तक मिल रही है। बाजार में असर भी दिखने लगा है। मिठाइयों के दाम बढ़ना शुरू हो गए हैं। मिठाई विक्रेता स्पष्ट नहीं बोल रहे हैं, लेकिन 50 रुपये से ज्यादा प्रति किलो दाम बढ़ाने की तैयारी है। रक्षाबंधन पर बहनों को जेब ढीली करनी पड़ेगी।
शहर में चाय की दुकानों पर 10 रुपये वाली चाय 15 रुपये में मिल रही है। चाय विक्रेता हिमांशु ने बताया कि चीनी के दाम बढ़ने से लागत बढ़ गई है, इसलिए मजबूरी में दाम बढ़ाने पड़े हैं। कई जगह 10 रुपये की चाय 12 से 13 रुपये में मिल रही है। ऐसे में चाय के शौकीनों की जेब ढीली होने लगी है।
मिठाइयों के दाम भी बढ़े
रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक है। ऐसे में मिठाइयों के दाम बढ़ने से बहनों पर महंगाई का बोझ बढ़ेगा। मिठाई विक्रेताओं के अनुसार चीनी महंगी होने से मिठाइयों की लागत 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ी है। बर्फी, लड्डू और अन्य मिठाइयों पर 30 से 40 रुपये किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। पहले जो मिठाई 400 रुपये किलो थी, वह अब 430 से 450 रुपये किलो तक बिक रही है।
किराना स्टोर व्यापारी विशाल ने बताया कि पिछले एक माह पहले 45 रुपये किलो में बिकने वाली चीनी अब 65 रुपये किलो पहुंच गई है। त्योहारी सीजन में मांग अधिक होने से दाम और बढ़ने की आशंका है। गृहिणियों का कहना है कि रसोई का बजट पहले ही बिगड़ा हुआ है, अब चीनी महंगी होने से चाय और मिठाइयों पर खर्च बढ़ गया है।