राजकीय महाविद्यालय में खेलकूद प्रतियोगिता ऊंची कूद में हिस्सा लेती छात्रा।स्रोत-संस्थान
बदायूं। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में चल रहे 20वें वार्षिक क्रीड़ा समारोह के अंतिम दिन कई एथलीट प्रतियोगिताएं हुईं। छात्र वर्ग में सर्वाधिक तीन स्वर्ण पदक प्राप्त कर बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र प्रतोष चैंपियन बने। वहीं छात्रा वर्ग की चैंपियनशिप पर बीए अंतिम सेमेस्टर की छात्रा शीलम ने कब्जा जमाया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया एवं विशिष्ट अतिथि नेहरू मेमोरियल शिवनारायण दास कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशीष सक्सेना, पूर्व प्राचार्य डॉक्टर सुमित सक्सेना, केंद्रीय विद्यालय के वीके सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र के साथ मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
दौड़ प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में 200 मीटर में शिवम पहले, हेमन्त दूसरे और विकास यादव तीसरे नंबर पर रहे। छात्राओं की 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में सुहालिया खान ने पहला और संध्या ने तीसरा स्थान पाया। छात्राें की 5000 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में प्रतोष ने पहला, आजिंक्य ने दूसरा और पवन यादव ने तीसरा स्थान पाया।
छात्राओं की 3000 मीटर दौड़ में शीलम प्रथम, प्रियंका पाल दूसरे और अस्मिता सागर तीसरे स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मोहम्मद नकी अहमद, डॉ. श्रद्धा गुप्ता, डॉ. संजीव राठौर, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. रविन्द्र सिंह यादव आदि रहे।