बोर्ड परीक्षाएं नजदीक होने के बावजूद बिजली सप्लाई में सुधार नहीं हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में रात में बिजली नहीं मिलने से उपभोक्ता बेहद खफा हैं। बदायूं विकास संस्थान ने तीन दिन के अंदर रात्रिकालीन कटौती बंद न किए जाने पर आंदोलन की धमकी दी है। कहा है कि वह बिजली महकमे की मनमानी किसी सूरत में सहन नहीं करेंगे।
यहां बता दें कि तहसील मुख्यालय को छोड़ बाकी देहात क्षेत्र में सिंगल ग्रुप के तहत प्रात: सात से शाम पांच बजे तक सप्लाई दी जा रही है। चूंकि यूपी और सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं नजदीक हैं सो विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी में परेशानी उठानी पड़ रहीं हैं। बदायूं विकास संस्थान की यहां कैंप कार्यालय पर हुई मीटिंग में नगराध्यक्ष भुवनेश यादव ने कहा कि रात में बिजली नहीं मिलने के कारण छात्र-छात्राएं काफी परेशान हैं। इस संबंध में जब एसडीओ बिल्सी से बात की गई तो वह संतोष जनक जवाब नहीं दे सके। मनोज सागर, मनीष यादव, दीपक शर्मा, प्रमोद यादव, आकाश बाबू, अमित माहेश्वरी, राहुल चौहान आदि थे।