बहुचर्चित कटरा सआदतगंज कांड में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ वादी पक्ष मंगलवार को स्पेशल जज (पाक्सो एक्ट) की अदालत में प्रोटेस्ट दाखिल करेगा। लड़कियों के भाई का आरोप है कि सीबीआई ने सही ढंग से जांच नहीं की है। वह क्लोजर रिपोर्ट पर केंद्रीय जांच एजेंसी से 17 सवालों का जवाब मांगेगा। जांच एजेंसी के इन सवालों का संतोषजनक जवाब देने पर ही जांच पर भरोसा किया जा सकता है।
कटरा सआदतगंज में 27/28 मइ,14 को दो चचेरी बहनों के शव गांव के बाहर आम के बाग में लटके मिले थे। लड़कियों के परिवार वालों ने गांव के पप्पू यादव, अवधेश यादव, उर्वेश यादव (सगे भाई) समेत सिपाही सर्वेश यादव, छत्रपाल गंगवार पर गैंगरेप के बाद हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का मुकदमा दर्ज कराया था। करीब छह महीने तक जांच के बाद सीबीआई ने 11 दिसंबर, 14 को स्पेशल जज पाक्सो एक्ट की कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दावा किया कि दोनों लड़कियों ने खुदकुशी की थी।
इस पर कोर्ट ने वादी पक्ष को नोटिस जारी कर मामले की अगली सुनवाई के लिए छह जनवरी की तारीख नियत कर दी थी।