बदायूं/सिलहरी। दो दिन से नवादा ओल्ड विद्युत उपकेंद्र का 10 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर फुंका पड़ा है। ट्रांसफॉर्मर फुंकने का असर तीसरे दिन भी शहर और आसपास के गांवों पर दिखाई दिया। इसके अलावा शहर के 12 मोहल्लों की सोमवार को चार घंटे तक बिजली गुल रही। इससे करीब एक लाख की आबादी प्रभावित हुई।
सोमवार को खेड़ा बुजुर्ग, आरिफ नवादा, नई सराय, लोची नगला, कल्याण नगर, भारद्वाज कॉलोनी, मीरा जी चौकी, ढाकवाली जारत, डिवीजन कार्यशाला समेत 12 मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
सोमवार सुबह आई आंधी में भी कई इलाकों की आपूर्ति ठप हो गई। इससे शहरी इलाकों में पानी का संकट गहरा गया है। टंकियां नहीं भर पाने और मोटर न चलने से घरों में पानी की सप्लाई ठप है। रात के समय भी कटौती जारी रहने से लोग छतों और सड़कों पर रात गुजारने को मजबूर हैं।
कूलर, पंखे और एसी बंद पड़े हैं। बार-बार बिजली जाने से इनवर्टर भी जवाब दे रहे हैं। गर्मी में बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई ठप होने से फसलें सूखने का खतरा मंडरा रहा है। लगातार कटौती से लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है।
शहर में ओवरलोडिंग की समस्या बढ़ने के कारण ट्रिपिंग की समस्या बढ़ी है। विद्युत निगम की टीमें लगातार सिस्टम दुरुस्त करने में लगी हैं। वहीं ट्रांसफॉर्मर को सही कराने के लिए काम किया जा रहा है। - अजय कुमार, अधीक्षण अभियंता
नूरपुर में तीन माह से बिजली नहीं होने पर दौड़े एसडीएम-एसडीओ
- प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर गांव पहुंचे अफसरों ने बहाल कराई विद्युत आपूर्ति
- विधायक दातागंज भी पहुंचे, स्थायी समाधान की बात कहकर खत्म कराया धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज। गांव नूरपुर में तीन माह से बिजली नहीं है। इसको लेकर ग्रामीण तीन दिन से धरने पर बैठे थे। अमर उजाला ने ग्रामीणों की पीड़ा को उठाते हुए खबर प्रकाशित की। खबर का संज्ञान लेकर एसडीएम दातागंज और एसडीओ भमोरा गांव पहुंचे। वहां चौथे दिन भी धरना दे रहे ग्रामीणों को समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद गांव से जुड़े उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। इसी दौरान दातागंज विधायक ने वहां पहुंचकर ग्रामीणों का धरना समाप्त कराया।
नूरपुर गांव में बिजली आपूर्ति न होने से गांव वाले परेशान होकर धरने पर बैठ गए। अमर उजाला ने सोमवार के अंक में ‘नूरपूर में तीन माह से बिजली नहीं, ग्रामीण दे रहे धरना’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की। खबर का संज्ञान लेते हुए दातागंज के एसडीएम विनोद सिंह और भमोरा के एसडीओ रमेश कुमार अरोड़ा ने गांव पहुंचकर ग्रामीण की समस्याएं सुनीं।
समाधान के लिए आसपास के उपकेद्रों की लाइनों का निरीक्षण किया। चौथे दिन भी जारी धरने की सूचना पर दातागंज विधायक भी गांव पहुंच गए। ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों की मांग पर अस्थायी रूप से एक किलोमीटर दूर अमानाबाद गांव की लाइन से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति शुरू करा दी गई।
एसडीओ ने बताया कि ग्रामीणों की स्थायी समाधान के लिए गांव में 63 केवीए के दो ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। इसके बाद सारी समस्या दूर हो जाएगी। इसके बाद गांव की लाइन को स्थायी रूप से अमानाबाद की लाइन से जोड़ दिया जाएगा। विधायक के कहने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
फोटो- 31
ग्रामीणों के धरने को कांग्रेस ने दिया समर्थन
बदायूं। दातागंज के नूरपुर गांव में तीन माह से बिजली न मिलने पर ग्रामीण चार दिन से धरने पर बैठे थे। सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव कार्यकर्ताओं के साथ धरने में शामिल हुए और एसडीएम से वार्ता की। उन्होंने कहा, योगी सरकार बिजली समस्या में विफल है। नूरपुर बदायूं में है, लेकिन बिजली बरेली के कृषि फीडर से आती है। दिन में 2-4 घंटे ही सप्लाई मिलती है।
अजीत यादव ने मंगलवार को डीएम को ज्ञापन देकर गांव को बदायूं के समरेर या गोटियां फीडर से जोड़ने की मांग की। धरने में कुंवर पाल सिंह, वेद प्रकाश, ओमवीर दद्दा समेत कई कांग्रेसी मौजूद रहे। संवाद
बिजली की ट्रिपिंग ने उड़ाई नींद
बिसौली। नगर और देहात क्षेत्र में बिजली की बदहाल व्यवस्था ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। देहात क्षेत्र में दिसौलीगंज और आसफपुर, परवेज नगर बिजली उपकेंद्र से जुड़े सभी फीडरों पर आपूर्ति खराब है। ग्रामीणों का कहना है कि दिन हो या रात, बिजली की आंख मिचौली से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रात में भी बार-बार ट्रिपिंग और कटौती के कारण लोग चैन की नींद नहीं सो पा रहे। संवाद
फैजगंज बेहटा। गर्मी में ओवरलोड के कारण फीडर स्वत: ट्रिप हो जाता है। लो-वोल्टेज की वजह से टुल्लू पंप पानी नहीं दे रहे हैं। अधिक लोड होने से आए दिन केबल जलते रहते हैं। मरम्मत कार्य के कारण कस्बे का अक्सर दिन के समय फीडर बंद रहता है। आसपास के क्षेत्रों में जखौरा, खजुरिया, दासपुर, गनगोली, दांवरी, नगला जैत आदि में भी बिजली समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। संवाद
ग्रामीणों से बात करते दातागंज विधायक। ग्रामीण- फोटो : samvad
ग्रामीणों से बात करते दातागंज विधायक। ग्रामीण- फोटो : samvad