बदायूं। कांवड़ यात्रा 11 जुलाई से शुरू हो रही है। उस दौरान पीलीभीत, शाहजहांपुर, बरेली, फर्रुखाबाद, कासगंज, एटा, राजस्थान आदि जिलों के भक्त कांवड लेकर कछला गंगा घाट पर जल लेने आते हैं। इन श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पुलिस ने रूट चार्ट तैयार कर लिया है।
इसके अलावा कांवड़ मार्ग पर गड्ढों को भरने का काम शुरू हो गया है। साथ ही अवैध कटों को बंद कराने का काम शुरू हो गया है। यात्रा के दौरान हाइवे पर एक तरफ का रास्ता बंद करके कांवड़ियों को निकाला जाएगा।
एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली मथुरा हाईवे पर बिनावर से लेकर कछला घाट तक सात बैरियर बनाए जाएंगे। नवादा चौराहे, घटपुरी, मेडिकल कॉलेज, उझानी पर कांवड़ियों की सहायता के लिए पुलिस बूथ बनाए जाएंगे। इसी तरह उझानी से बैरियर लगाकर वहां पुलिस की तैनाती की जाएगी, ताकि बड़े वाहन कांवड़ यात्रा मार्ग के बीच घुसपैठ न कर सकें। इसके अलावा बारह पत्थर चौराहे से कांवडियों को बाइपास से हाेकर निकालने के लिए पुलिस की ड्यूटी लगी रहेगी। उन्होंने बताया कि कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर अधिकारियों से दिशा-निर्देश लेकर अतिरिक्त सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।
-
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसलिए 11 जुलाई से यात्रा समाप्ति तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियों रद कर दी गईं हैं। इससे अधिकतम पुलिस बल उपलब्ध रहेगा। सभी संवेदनशील स्थानों, नाकों और शिविर स्थलों पर वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में 24 घंटे गश्त रहेगी।
ये जारी किए दिशा-निर्देश
- कांवड़ शिविर मुख्य सड़कों से दूर लगाने होंगे।
- होटलों व ढाबों में खाने-पीने की वस्तुओं की सूची और दरें स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होंगी।
- यात्रा में एलपीजी सिलेंडर, धारदार हथियार व भाले न रखें।
- डीजे और तेज आवाज में संगीत न बजाएं।
- दुकानदार 10 फीट से ऊंचे कांवड़ न बेचे, ताकि बिजली की तारों से कोई दुर्घटना न हो।
शुक्रवार से सोमवार शाम तक रहेगा रूट डायवर्जन
-11 जुलाई के शुरू होने कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। लाखों कांवड़िया कछला घाट से गंगाजल लेकर गुजरेंगे। कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। प्लान के तहत सावन के शुक्रवार की सुबह आठ बजे से सोमवार की रात आठ बजे तक रोडवेज, प्राइवेट बस, डंपर, ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राॅली और सभी तरह के मालवाहक वाहन बंद रहेंगे। वहीं रविवार की सुबह आठ बजे से सोमवार की शाम आठ बजे तक जीप, कार, पिकअप आदि छोटे वाहनों के संचालन पर भी पाबंदी रहेगी।
उझानी-बदायूं रोड पर भरे गए गड्ढों पर चलता रोलर। संवाद