बृहस्पतिवार तड़के रेलवे के नए बुर्रा फाटक के पास निर्माणाधीन सड़क की
मिट्टी धंस जाने से आलू लदा ट्रक पुलिया पर झुक गया। पुलिया क्षतिग्रस्त हो
गई।
कादरचौक क्षेत्र से आलू लाद कर बदायूं को चला ट्रक जैसे ही रेलवे
के बुर्रा फाटक को क्रास कर नगर की ओर बढ़ा तभी सड़क किनारे की मिट्टी धंस
गई। ड्राइवर बरेली में शाहमतगंज निवासी बाबू खां ट्रक पर नियंत्रण करता
उससे पहले ही वह पुलिया पर झुक गया। पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रक भी
पलटने से बच गया। हालांकि ड्राइवर के मामूली चोट आई है, लेकिन उसकी सूझबूझ
से हादसा होने से बच गया।
दोपहर तक ट्रक को निकालने का प्रयास भी किया
गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में क्रेन मंगवा कर ट्रक हटवाया गया। इससे
काफी देर तक आवागमन भी प्रभावित रहा। कादरचौक की ओर आने-जाने वाले वाहनों
को वैकल्पिक रास्ते से गुजरना पड़ा। बता दें कि पिछले महीना ही रेलवे ने
पुलिया का निर्माण कराया था। बुर्रा फाटक भी नया बना है।