लंबे समय से डाकघर को कोर बैंकिंग सिस्टम (सीबीएस) करने के लिए चल रही कवायद सोमवार को पूरी हो जाएगी। शहर के प्रधान डाकघर को सीबीएस से जोड़ दिया जाएगा। इसके बाद डाकघर के ग्राहक आसानी से बैंकों की तर्ज पर सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। रविवार को सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं।
देशभर में डाकघरों को ऑनलाइन के माध्यम से आपस में जोड़ने की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है। तमाम जगह ऑन लाइन यानि सीबीएस कर भी दिया गया है। इसी कड़ी में मंडल में भी धीरे-धीरे डाकघरों को प्रधान करने का कार्य किया जा रहा है। इसमें सोमवार को बदायूं शहर में स्थित में प्रधान डाकघर को सीबीएस कर दिया जाएगा। सहायक अधीक्षक डाकघर मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सप्ताह भर से चेन्नई और स्थानीय टेक्निकल टीम इस कार्य में जुटी हुई थी। जिसे रविवार को पूरा कर लिया गया। श्री गुप्ता ने बताया कि शुभारंभ के बाद टेक्निकल टीम कुछ दिन स्टाफ को ट्रेनिंग भी देगी। डाकघर अधीक्षक रामबाबू मिश्रा ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे सीबीएस का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।