बदायूं। शहर का मुख्य बस स्टेशन अब पूरी तरह से नए स्वरूप में नजर आएगा। शासन की स्वीकृति मिलने के बाद यहां छह करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर पूरी की जाएगी। इसके पूरा हो जाने के बाद यात्रियों को वे सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी जिनका अनुभव अब तक बड़े महानगरों के बस अड्डों पर ही मिलता था।
नए बस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को सबसे ऊपर रखा है। यहां पर वातानुकूलित प्रतीक्षालय (एसी वेटिंग हॉल), डिजिटल टिकट काउंटर, स्वच्छ एवं आधुनिक शौचालय, सुव्यवस्थित कैफेटेरिया और पेयजल की सुविधा, सीसीटीवी से सुरक्षा व्यवस्था, बसों, चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग जोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना में सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूरे परिसर में हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी लगाए जाएंगे और टिकटिंग की व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल होगी। इससे यात्रियों को कतार में खड़े होने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।
शहर की छवि बदलेगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि नए बस अड्डे का निर्माण न केवल यात्रियों को राहत देगा बल्कि शहर की पहचान भी बदल देगा। वर्तमान में जर्जर और अव्यवस्थित बस स्टेशन से यात्रियों को काफी दिक्कतें होती हैं। नये स्वरूप में तैयार बस स्टेशन से बदायूं की छवि स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में उभरेगी। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। बस अड्डे पर कैफेटेरिया, दुकानें और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होने से छोटे कारोबारियों और दुकानदारों को भी लाभ मिलेगा।
बस स्टेशन को पीपीपी मॉडल से बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। शासन की स्वीकृत मिलने के बाद परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य तय किया जा रहा है। राजेश पाठक, एआरएम