फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा में घमासान की स्थिति, पूनम और अनीता ने भी भरा पर्चा

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। जिला पंचायत सदस्य के पदों के लिए अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी करने के तीसरे दिन और नामांकन के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को भाजपा में खींचतान शुरू हो गई। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव और शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य की बहन अनीता शाक्य ने भी नामांकन दाखिल कर दिए। इन दोनों ने पार्टी प्रत्याशी बनने के लिए आवेदन किए थे, लेकिन पार्टी ने इनको मौका नहीं दिया। इसके बाद भाजपा में घमासान की स्थिति पैदा होती दिख रही है।
विज्ञापन

भाजपा ने मंगलवार को जिले में जिला पंचायत सदस्य पद की कुल 51 सीटों में 50 सीटों पर अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए थे। इनमें कई बड़े नाम भी शामिल हैं। इसके साथ ही पार्टी ने कई बड़े नामों को इस बार मौका ही नहीं दिया। पूर्व एमएलसी भारत सिंह यादव की पत्नी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव समेत पूर्व राज्यमंत्री भगवान सिंह शाक्य की बेटी और शेखूपुर विधायक धर्मेद्र शाक्य की बहन अनीता शाक्य ने भी पार्टी प्रत्याशी बनने को आवेदन किया था, लेकिन इनके आवेदन स्वीकार नहीं किए गए। इसके साथ ही पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव की पत्नी वर्षा यादव को कोल्हाई, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य की पत्नी रेखा शाक्य को ब्योर, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष और भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह की पत्नी हेमा सिंह को चंगासी, ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह की पत्नी मेखला सिंह को पुसगवां से प्रत्याशी बना दिया गया।
इसके बाद से ही पार्टी में घमासान की संभावना पैदा हो गई थी। बृहस्पतिवार को अनीता शाक्य ने वार्ड नंबर 24 जगत और पूनम यादव ने वार्ड नंबर 26 डकारा पुख्ता से नामांकन दाखिल कर दिया। जगत से मनोज मोदी और डकारा पुख्ता से पार्टी ने विमला देवी को प्रत्याशी घोषित किया है। पूर्व राज्यमंत्री की बेटी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के मैदान में उतरने के बाद पार्टी भी ऊहापोह की स्थिति में है। बृहस्पतिवार को दिन भर बैठकों को दौर चलता रहा। पार्टी नेताओं का कहना है कि नाम वापसी में अभी दिन बाकी हैं। पार्टी में किसी तरह की फूट नहीं है।
विज्ञापन

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अभी से घमासान
जिला पंचायत अध्यक्ष सीट इस बार पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है। अब तक यह अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित थी। मौजूदा समय में बिसौली विधायक कुशाग्र सागर की मां और पूर्व विधायक योगेंद्र सागर की पत्नी निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। इससे पहले पूनम यादव अध्यक्ष रही हैं। पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव भी पूनम यादव के करीबी रिश्तेदार हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य की नजर भी इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर है। पूनम यादव के साथ अनीता शाक्य भी अब नामांकन कराने के बाद अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल होना चाहती हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा में अभी से घमासान शुरू हो गया है।
पूनम बोलीं-समर्थकों की मांग पर भरा पर्चा
- पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव का कहना है कि उन्होंने समर्थकों की मांग पर पर्चा भरा है। नाम वापसी में अभी दिन बाकी हैं। अधिकृत प्रत्याशी के लिए उन्होंने आवेदन किया था, लेकिन कुछ कारण रहे कि उनको पार्टी ने मौका नहीं दिया। समर्थक चाहते थे कि वह चुनाव लडे़ं।
अनीता बोलीं -पार्टी के निर्देशों को मानेंगी
- पूर्व राज्यमंत्री भगवान सिंह शाक्य की बेटी और शेखूपुर विधायक धर्मेद्र शाक्य की बहन अनीता शाक्य का कहना है कि उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के कहने पर पर्चा दाखिल कर दिया है। पार्टी प्रत्याशी बनने के लिए उन्होंने आवेदन किया था। अभी नाम वापसी नहीं हुई है। पार्टी का जो भी आदेश होगा उसको वह मानेंगी। नाम वापसी के बाद ही वह इस बारे में ज्यादा कुछ कह सकेंगी।
------------------
भाजपा पूरी तरह से एकजुट है। नाम वापसी में अभी समय बाकी है। जानकारी में आया है कि पूनम यादव और अनीता शाक्य ने नामांकन दाखिल किए हैं। इस संबंध में पार्टी हाईकमान के संपर्क में हूं। पूरी पार्टी एकजुट है। 11 अप्रैल के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा।
विज्ञापन

- अशोक भारती, भाजपा जिलाध्यक्ष
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें