पुलिस लाइन स्थित हेलिपैड पर खड़ी एंबुलेंस। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बुधवार को जिले में आने का कार्यक्रम खराब मौसम के कारण निरस्त हो गया। उनको दातागंज, मूसाझाग, बिल्सी और बिसौली में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं करनी थीं।
बुुधवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को दातागंज विधानसभा क्षेत्र के गांव ढिलवारी स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज में दोपहर 12 बजे, मूसाझाग में दोपहर एक बजे, बिल्सी के रामा कोल्ड स्टोर मैदान में डेढ़ बजे और बिसौली के रामलीला मैदान में ढाई बजे जनसभा को संबोधित करना था। सभी स्थानों पर हेलिपैड भी बनाए गए थे। बुधवार सुबह से ही मौसम खराब होने और बारिश होने के कारण डिप्टी सीएम का हेलिकॉप्टर लखनऊ से उड़ान नहीं भर सका। बदायूं में भी सभी स्थानों पर बनाए गए हेलिपैड जलमग्न हो गए और सभास्थलों पर दलदल हो गई। इसके बाद भाजपा की ओर से ऐन मौके पर तय किया गया कि डिप्टी सीएम को मुख्यालय बुलाकर भाजपा जिला कार्यालय पर सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों की मौजूदगी में प्रेसवार्ता कर ली जाए। जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता की ओर से चुनाव आयोग से पुलिस लाइन में हेलिपैड पर हेलिकॉप्टर उतारने की अनुमति भी ले ली गई। पुलिस लाइन हेलिपैड पर तैयारियां कर लीं गईं, लेकिन यह तैयारियां भी धरी रह गईं। मौसम की वजह से लखनऊ से ही हेलिकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं मिली। जनसभा वाले स्थानों पर पहुंचे लोगों को भी मायूस होकर लौटना पड़ा।
बिसौली। सुबह से ही मौसम खराब होने के चलते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की जनसभा निरस्त हो गई। सूचना के बाद भाजपा समर्थकों में मायूसी छा गई। संवाद
बिल्सी। मुजरिया तिराहे पर हॉस्पिटल के सामने मैदान में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करने के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को आना था। सुबह से शुरू हुई बरसात ने कार्यक्रम की तैयारियों पर पानी फेर दिया। लगभग तीन बजे जनसभा निरस्त होने की सूचना मिली। संवाद