बदायूं। पूर्व सांसद और विधायक डीपी यादव महेंद्र भाटी हत्याकांड से बरी होने के बाद राजनीति में तेजी से सक्रियता बढ़ा रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी भाजपा में बात चल रही है। अगर मौका मिलता है तो सहसवान विधानसभा सीट से वह चुनाव लड़ने को प्राथमिकता देंगे।
डीपी यादव बृहस्पतिवार को जिला बार के सचिव संदीप मिश्रा के आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उनसे जब पूछा गया कि सहसवान सीट से उनके परिवार के ही पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव भी दावेदारी कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि दावेदारी तो कोई भी कर सकता है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार और शनिवार को वह अपने समर्थकों से मिलकर उनकी राय लेंगे। भाजपा से जो बात चल रही है उस पर तीन से चार दिन में स्थिति साफ हो जाएगी। डीपी के भाजपा में आने या फिर उनका भाजपा से समझौता होने पर सहसवान सीट पर राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में यह भी कहा जा रहा है कि अगर डीपी यादव सहसवान से दावेदारी करेंगे तो जितेंद्र यादव और पूनम यादव कदम पीछे खींच सकते हैं। संवाद