डीजीपी का फरमान आने के बाद शनिवार को कोतवाली पुलिस ने शहर की गलियों में पैदल मार्च किया। इस दौरान वाहनों और संदिग्धों की चेकिंग भी की गई। लंबे समय के बाद शहर में पुलिसिंग दिखी, तो लोगों में कुछ सुरक्षा की भावना भी जगी।
अपराध के लिहाज से जिला काफी बदनाम है। हाल ही में गढ़ौली गांव में दो सिपाहियों की हत्या के बाद बदायूं फिर से सुर्खियों में है। सूबे के डीजीपी जावीद अहमद ने सभी थानों की पुलिस को आदेश दिया है कि वह शाम को शहर के प्रमुख इलाकों में पैदल मार्च करें, ताकि पुलिसिंग नजर आए। शनिवार को कोतवाल मनोज कुमार सिंह फोर्स के साथ टिकटगंज, राजाराम इंटर कॉलेज, सर्राफा बाजार आदि इलाकों में पैदल मार्च किया। इस दौरान कई दुकानों पर चेकिंग भी की गई। कोतवाल ने बताया कि इलाके में सभी चौकी इंचार्ज रोज इसी तरह से चेकिंग अभियान चलाएंगे।