रेहड़िया। वजीरगंज थानाक्षेत्र के गांव मालिन गोटिया से सात अगस्त को लापता हुए युवक की तलाश के लिए मंगलवार को पुलिस टीम बरेली जिले के सिरौली थाना क्षेत्र के कैलाश मढ़ी इलाके में पहुंची। यहां पुलिस टीम ने गोताखोरों की मदद से रामगंगा में युवक की तलाश कराई। सीसी कैमरे की जांच की गई। लेकिन पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा।
वजीरंगज थाना क्षेत्र के गांव मालिन गौटिया निवासी मुकेश को सात अगस्त को गांव का ही पड़ोसी लालाराम बुलाकर ले गया था। आरोप है कि लालाराम और मुकेश अपनी नई बाइक से फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव पहुंचे। जहां से लालाराम झांसे में लेकर मुकेश को रामपुर जिले के शाहबाद थानाक्षेत्र में ले गया। यहां लालाराम ने अपने तीन साथियों की मदद से मुकेश की नई बाइक लूटने के इरादे से हत्या कर दी औ शव को कोसी की रामगंगा में फेंक दिया। पुलिस ने मुकेश की पत्नी की तहरीर पर दस अगस्त को गुमशुदगी दर्ज की। पुलिस ने लालाराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें उसने बताया कि मुकेश की हत्या कर दी गई। इस पर एसआई मनोज धामा व पुलिस टीम मंगलवार को उसे लेकर रामपुर जिले से सटे बरेली के सिरौली थानाक्षेत्र के गांव कैलाश मढ़ी क्षेत्र में ले गई। यहां बह रही रामगंगा में चार घंटे तक गोताखोरों की मदद से मुकेश की तलाश कराई। इसके बाद करीब दस सीसी कैमरे की जांच की। जिसमें मुकेश का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस का दावा है कि लालाराम पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। वह हर बार बताए गए स्थानों पर बदल रहा है। इससे पुलिस मुकेश की तलाश करने में माथापच्ची करनी पड़ रही है।