दातागंज। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव बमनपुरा में आत्महत्या करने वाले प्रेमी युगल के शवों का भारी पुलिस बल और पीएसी की निगरानी में सोमवार की शाम रामगंगा के किनारे अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसके बाद से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है। इसलिए बुधवार को भी गांव में पुलिस तैनात रही।
बमनपुरा गांव में रविवार की रात को युवती गायब हो गई थी। लड़की के परिवार वाले उसे रात भर ढूंढते रहे। सुबह करीब चार बजे गांव से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर बेर के पेड़ पर उसका शव लटका मिला। उसके बगल में गांव में ही अर्जुन का शव लटबा मिला। युवक युवती के प्रेम संबंध थे, दोनों के शव मिलने पर गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। लड़का और लड़की पक्ष एक दूसरे पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगा रहे है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसपी सिटी और सीओ समेत पुलिस बल के साथ गांव में पहुंथे थे। आनन-फानन में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया तो रिपोर्ट में हैंगिंग का मामला सामने आया। इसके बावजूद दोनों पक्ष हत्या की ही बात कहते आ रहे हैं। गांव में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने दातागंज सर्किल के सभी थानों की पुलिस के अलावा पीएसी भी गांव में लगा दी है।