उझानी। पंजाबी कॉलोनी में रहस्यमय ढंग से झुलसे छह पिल्लों में से तीन की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। यह घटना 29 अप्रैल की रात गुरुद्वारे के पास एक खाली प्लॉट में हुई थी। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है ताकि बेजुबानों की मौत का राज खुल सके।
नगर निवासी मनीष शर्मा और योगेश प्रताप सिंह की संयुक्त तहरीर पर यह रिपोर्ट दर्ज की गई है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पिल्लों को जिंदा जलाया गया था, जिसमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई। पशु प्रेमियों ने पहले खुद इस मामले में खोजबीन की थी। हालांकि, उन्हें कोई ठोस जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क साधा।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। विवेचना दरोगा सुरेशपाल सिंह को सौंपी गई है। वह पिल्लों की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पड़ोस के घरों के बाहर लगे सीसी कैमरे की फुटेज पर भी गौर करेंगे। फुटेज के आधार पर दोषियों का पता चलने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।