पुलिस की पिटाई से घायल आशोक। संवाद
जरीफनगर। थाने पर तैनात पीआरबी के पुलिस कर्मियों पर एक युवक को बिना वजह पीटने का आरोप लगा है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। युवक को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थाना क्षेत्र के गांव कूबरी के रहने वाले अशोक ने पुलिस को तहरीर दी है। बताया है कि 28 सितंबर को वह गांव में दावत खाकर घर लौट रहा था। शाम 7.30 बजे रास्ते में डायल 112 की गाड़ी आई और उसको रोककर नाम पूछने लगी। नाम बताने के बाद गाड़ी से पुलिस कर्मी उतरे और उसको बुरी तरह से पीटने लगे। मारपीट में युवक लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। गांव के लोगों ने गाड़ी को घेर लिया। पुलिस कर्मियों से गांव के लोगों की जमकर कहासुनी भी हुई। जैसे-तैसे पुलिस कर्मी मौके से निकल गए। थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।