बदायूं। शराब सेल्समैन की हत्या में वांछित रवि बिहारी पर एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। शुक्रवार को उझानी दुकानदार से हुई लूटकांड में भी वहीं मास्टर माइंड निकला है। अब कुंवरगांव व उझानी पुलिस बिहारी की तलाश में दबिश दे रही है।
सेल्समैन हत्या कांड का भले ही पुलिस ने खुलासा कर दिया हो लेकिन हत्या का मास्टर माइंड बिहारी आज भी पुलिस की पकड़ से दूर है। उस पर एसएसपी ने 25 हजार का इनाम बृहस्पतिवार को घोषित किया था। शुक्रवार को उझानी में हुई दुकानदार से लूट कांड में भी बिहारी का नाम सामने आया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद सेल्समैन की हत्या के पीछे का राज खुल सकेगा। क्योंकि परिवार के लोग पुलिस के खुलासे से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसा नहीं है कि पुलिस भी खुलासा कर संतुष्ट हो गई है। परिजनों का आरोप है कि पंकज खुराना व ज्योति बाबू ने इन किराए के शूटरों से मुकेश की हत्या कराई है। अब पुलिस बिहारी को ढूंढ रही है।
मुकेश की हत्या के बाद से ही पंकज खुराना का मोबाइल बंद
मुकेश की हत्या के 15 मिनट बाद ही पंकज खुराना का मोबाइल बंद है। इसके बाद भी पुलिस ने अभी तक ज्योति व पंकज खुराना को न तो गिरफ्तार किया है और न उनके बयान ही दर्ज किए हैं। वह दोनों को मृतक मुकेश के भाई ने नामजद किए हैं। पुलिस बिहारी की गिरफ्तारी को ही आधार बना रही है।
विवेचक ने परिजनों के नहीं लिए बयान
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने विवेचक इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को निर्देश दिए थे कि वह परिवार के लोगाें के बयान लेंगे। वह शुक्रवार को मुकेश के परिवार के बयान दर्ज करने नहीं पहुंचे। परिवार के लोग पुलिस के खुलासे पर सवाल उठा रहे हैं।
लूट के बाद या फिर भाड़े के शूटरों ने की थी हत्या
मुकेश हत्याकांड में अभी यह खुलासा होना बाकी है कि उनकी हत्या शूटरों से कराई है या नहीं। इसी पर परिजनों की निगाहें भी टिकी हुई हैं। परिजनों ने कहा कि अगर लूट के इरादे से बदमाश आते तो रुपये लेने के बाद गोली नहीं मारते।
आज एडीजी व कमिश्नर से मिलेगा परिवार
पुलिस के खुलासे से मुकेश के परिजन संतुष्ट नहीं हैं। भाई सोमवीर कह रहे हैं रसूखदार होने की वजह से पुलिस उन लोगों पर हाथ नहीं डाल रही है। शनिवार को वह परिवार सहित एडीजी व कमिश्नर से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे। इसके बाद भी गिरफ्तारी नहीं होती है ताे परिवार के साथ सड़क पर बैठेंगे।