शुक्रवार को कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस कस्टडी से भागे बंदी सरवर को 24 घंटे के भीतर पुलिस और एसओजी की टीम ने आंवला रोड से पकड़ लिया। एसओ सिविल लाइंस राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि फरार बंदी सरवर की तलाश में पुलिस और एसओजी की टीम लगातार दबिश देने में लगी हुई थी। इस बीच मुखबिर की सटीक सूचना पर सुबह जाल बिछाकर सरवर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो सका।
बता दें पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में बंद आरोपी सरवर को पुलिस कस्टडी में शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट लाया गया था। इस दौरान पुलिस की लापरवाही का फायदा उठाकर बंदी फरार हो गया। वहीं इस मामले में लापरवाही पर एसएसपी चंद्र प्रकाश ने एचसीपी रोहिताश सिंह, आरक्षी रमेश चंद्र, राधवेंद्र शुक्ला और रोहित कुमार को निलंबित कर दिया है।
बंदी को पकड़ने वाली टीम में एसओ राजीव कुमार शर्मा, दरोगा जितेंद्र और एसओजी टीम शामिल हैं।