बदायूं। हर शुक्रवार की तरह आज भी सुरक्षा व्यवस्था काफी मजबूत रहेगी। जिले भर की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर खास नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारी हर क्षेत्र पर नजर बनाए रखेंगे। फिलहाल जिले में शांति व्यवस्था कायम है।
जुमे की नमाज के बाद भले ही तमाम स्थानों पर उपद्रव हुए हैं लेकिन जिले के लोगों ने पुलिस-प्रशासन का बहुत सहयोग किया। पिछले शुक्रवार को पुलिस ने कहा था कि सभी लोग नमाज पढ़ने के बाद अपने-अपने घर जाएं। कहीं रास्ते में नहीं रुकें। इसके लिए पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी धर्म गुरुओं के साथ मीटिंग की। सभी ने सहयोग करने को कहा और पिछले शुक्रवार की नमाज शांतिपूर्वक पढ़ी गई। इस शुक्रवार को भी जिले में शांतिपूर्वक नमाज पढ़ी जाएगी। एहतियात के तौर पर पुलिस को तैनात कर दिया गया है। चिह्नित 92 संवेदनशील इलाकों में पुलिस की खास नजर रहेगी। एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान ने कहा कि पुलिस तैनात कर दी गई है। खुराफात करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।