पुलिस ने हाइवे पर पकड़े तीन बदमाश
- फोटो : बदायूं/उत्ततर प्रदेश्ा
शनिवार की रात पुलिस ने हाईवे पर ग्राम सोही के पास मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश पकड़ने का दावा किया है। पुलिस ने तीनों के पास से एक-एक तमंचा तथा एक बाइक बरामद की है।
एसओ नरेश कुमार कश्यप के मुताबिक वह शनिवार की रात पुलिस बल के साथ गश्त कर रहे थे, तभी बदायूं की ओर से आ रही एक बाइक को उन्होंने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही तीनों लोग बाइक मोड़ने लगे। बाइक फिसल जाने से तीनों वाहन को छोड़कर खेत की तरफ भागे। उनका पीछा किया, तो एक बदमाश ने फायर कर दिया। पुलिस ने घेरा डालकर तीनों को दबोच लिया। तलाशी में तीनों के पास से एक-एक 315 बोर के तमंचे मिले। पकड़े गए बदमाशों में गंगा सिंह पुत्र हेमराज निवासी ग्राम रियोनाई, उघैती, रामप्रकाश पुत्र केदार सिंह, आर्येंद्र पुत्र नेमपाल निवासीगण ग्राम गर्रउइया थाना कुंवरगांव हैं।
पुलिस ने बताया गंगा सिंह ने बीती 10 जुलाई को हाइवे पर ग्राम बनकोटा के पास नरेंद्र सिंह निवासी ग्राम बैरीखेड़ा थाना बनियाठेर तथा उनकी पत्नी से हुई लूट की घटना का इकबाल किया है। उसने इस घटना को अपने साथी प्रेमपाल उर्फ चौधरी पुत्र आशे निवासी रियोनाई दलाई थाना उघैती के साथ अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है।