वजीरगंज। मोहल्ला होली चौक में शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे के करीब 30 वर्ष पुराने दो मंजिला मकान की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया। प्लास्टर गिरने से मकान के निचले हिस्से में रह रहे परिवार में दंपती व उनकी बेटी दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए हादसे से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर दौड़ पड़े।
दो मंजिला मकान की छत का प्लास्टर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में हरकिशोर, उनकी पत्नी प्रवेश कुमारी और बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए बदायूं रेफर कर दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास रहने वाले लोगों में भी दहशत फैल गई।
-
घटना की जानकारी अभी मिली है। राजस्व टीम को मौके पर भेज दिया गया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पीड़ितों को शासन स्तर से जो भी संभव सहायता होगी, वह दिलाई जाएगी।सुरेंद्र कुमार, तहसीलदार बिसौली