उझानी में चौडीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त पाइप लाइन। संवाद
उझानी। कल्याण सिंह चौक से मंडी समिति तिराहे तक चल रहे सड़क के चौड़ीकरण के कार्य के दौरान पेयजल की पाइपलाइन फट गई। पाइप फटने से गड्ढे में पानी भर गया। इससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क चौड़ीकरण का काम करवा रहे ठेकेदार ने उसे ठीक नहीं करवाया। पाइपलाइन सतह से करीब दो फिट गहरे में है। इस वजह से खोदाई के दौरान फट गई। मजदूरों ने गड्ढे में भरा पानी तो निकाल दिया, लेकिन पाइपलाइन ठीक करने के लिए कर्मचारी नहीं पहुंचे। पालिका के जलकल प्रभारी तौसीफ अहमद ने बताया कि पाइपलाइन अमृत- टू योजना से जल निगम की ओर डाली गई है। इससे अभी न तो पेयजल उपभोक्ताओं के कनेक्शन जुड़े हैं और न ही पालिका को हैंडओवर हुई है। जलकल प्रभारी ने जल निगम के अवर अभियंता को भी फोन पर अवगत करा दिया है। मुख्य बाजार में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण का काम चल रहा है। फुटपाथ की खोदाई भी इसी को लेकर की जा रही है।