स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए शासन ने जिले में 30 न्यू पीएचसी को स्वीकृति दी थी। इनके भवन निर्माण का जिम्मा लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया। निर्माण के लिए पहली किस्त 2006-07 में जारी कर दी गई। ये भवन वित्तीय वर्ष 2007-08 की समाप्ति तक स्वास्थ्य विभाग के हैंडओवर हो जाने थे, लेकिन लोक निर्माण विभाग 28 भवनों का निर्माण कार्य ही पूरा कर सका।
समरेर ब्लाक के गांव सादुल्लागंज और गंडहा में न्यू पीएचसी का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है। इनके निर्माण पर 36 लाख रुपये खर्च हुए हैं। समरेर ब्लाक रामगंगा का तटवर्ती है। यहां बारिश और बाढ़ के दिनों में संक्रामक रोगों का खतरा काफी बढ़ जाता है। बावजूद इसके स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग उपेक्षित रवैया अपना रहे हैं।
इस बारे में कुछ जानकारी मुझे है। विभागीय जानकारी जुटाने के बाद लोक निर्माण विभाग से बात की जाएगी। अगर ऐसा है तो लोक निर्माण विभाग को रिमाइंडर भेजा जाएगा।
-डॉ. आरडी तिवारी, सीएमओ