उसावां। बदायूं-शाहजहांपुर मार्ग पर स्थित पंप पर पेट्रोल डलवाने पहुंचे दो युवकों ने रुपये मांगने पर सेल्समैन के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं बाइक से टक्कर मारकर उसे घायल कर दिया। दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने बाइक के पीछे बैठे एक युवक को दबोच लिया। दूसरा युवक बाइक लेकर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्जकर पकड़े गए युवक को थाने से ही जमानत दे दी।
मामला बुधवार शाम करीब पांच बजे का है। बदायूं-शाहजहांपुर मार्ग पर काली माता मंदिर के नजदीक एचपी का पेट्रोल पंप है। शाम पांच बजे सेल्समैन जीतू ड्यूटी पर था। तभी बाइक लेकर दो युवक पंप पर पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक में तीन सौ रुपये की पेट्रोल डलवाया। जब सेल्समैन जीतू ने रुपये मांगे तो बाइक सवार युवक उससे गाली-गलौज करने लगे। फिर बाइक लेकर भागने लगे।
यह देखकर सेल्समैन ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान बाइक सवारों ने सेल्समैन को टक्कर मारकर घायल कर दिया। यह देखकर आसपास के कई लोग दौड़कर आ गए। उन्होंने बाइक सवार युवकों को पकड़ने की कोशिश की। भीड़ ने पीछे बैठे युवक को तो पकड़ लिया लेकिन दूसरा युवक बाइक भगा ले गया।
सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। भीड़ ने पकड़े गए युवक को पुलिस को सौंप दिया। उसने पूछताछ में अपना नाम अनस अली बताया। वह गाजियाबाद में थाना मधुवन क्षेत्र के संजय नगर, सेक्टर 23 का रहने वाला है। इसके अलावा बाइक लेकर भागा युवक अक्षत है। वह गाजियाबाद में डासना गेट का रहने वाला है। घायल सेल्समैन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पंप मैनेजर मोहित वर्मा की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ दातागंज केके तिवारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।