उघैती। उघैती थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर ईखखेड़ा में रविवार सुबह एक युवक पर पालतू कुत्तों से हमला कराए जाने का मामला सामने आया है। युवक को बचाने पहुंचे उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दोनों भाइयों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
गांव निवासी इतवारी (25) पुत्र सालिगराम रविवार सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह गांव के एक व्यक्ति के घर के सामने से निकले, तभी आरोप है कि उस व्यक्ति ने अपने पालतू कुत्ते उनपर छोड़ दिए। कुत्तों ने इतवारी के पैर को बुरी तरह नोंच डाला। हमले में उनके चेहरे और हाथ पर भी गंभीर चोटें आईं।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे इतवारी के भाई महाराज सिंह ने जब विरोध किया, तो आरोपी पक्ष आक्रोशित हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी और उनके परिजनों ने महाराज सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों भाइयों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने मामले की तहरीर उघैती थाना पुलिस को देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसओ ऋषिपाल सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।