जलभराव को लेकर प्रदर्शन करते राजपूत कॉलोनी के लोग। संवाद
- फोटो : samvad
बिल्सी। मोहल्ला संख्या पांच राजपूत कॉलोनी में मुख्य सड़क पर लंबे समय से जलभराव की समस्या से दुखी लोगों ने मंगलवार को स्थानीय नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम से शीघ्र उक्त समस्या के समाधान की मांग की।
कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार ने बताया मुख्य सड़क पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। कभी-कभी तो जलभराव इतना हो जाता है दूषित पानी लोगों के घरों से घुस जाता है। साथ ही सड़क पर लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा गंदगी और जलभराव के कारण यहां संक्रामक रोग फैलने का भी खतरा बना हुआ है। बॉबी ने बताया सड़क पर जलभराव होने के कारण स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी काफी परेशानी होती है। कभी-कभी महिलाएं और बच्चे गिर जाते है। साथ ही उनके कपड़े भी खराब हो जाते है। इससे गुस्साए लोगों ने सड़क पर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने डीएम से शीघ्र उक्त जलभराव की समस्या का निराकरण कराए जाने की मांग की है। इस मौके पर मुकेश कुमार, मोहित कुमार, बॉबी, देवेंद्र, अजय राजपूत, विजय राजपूत, शिवकांत, आशु कुमार, रोहित सिंह, रामवीर, अंकित आदि मौजूद रहे।