बदायूं। शहर से लेकर देहात करीब 50 से अधिक डबल डेकर बसों का संचालन गैर प्रांतों तक किया जा रहा है। इन बसों के आने जाने का पता यात्रियों के पास होता है। उसी समय पर इनको यात्री मौजूद मिलते हैं। जिले के नवादा चौराहे से बड़े पैमाने पर डग्गामारी की जा रही है। यहां से राजस्थान, बद्दी, दिल्ली आदि जगहों को इनका बेधड़क संचालन हो रहा है। परिवहन विभाग तभी कोई कार्रवाई या चैकिंग करता है जब शासन का कोई अभियान हो नहीं तो इन बसों से कोई पूछने वाला नहीं है कि बिना परमिट के कैसे इन बसों का संचालन हाे रहा है।
नवादा चौकी के सामने से ही गैर जनपदों के लिए डग्गामार बसों का संचालन हो रहा है। कई बार परिवहन विभाग ने इन बसों पर कार्रवाई भी की, लेकिन संचालन नहीं रुक सका। बसों का अवैध तरीके से संचालन करने वालों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर कुछ दिन पहले ही वायरल हुआ था जिसमें अलीशान नाम का युवक खुद अपने आप को डग्गामार का सरगना बता रहा है। कह रहा था कि हमीं चलवा रहे हैं डग्गामार बसें... कोई डर नहीं है।