बदायूं। जिले में होली का त्योहार व्यापारियों के लिए राहत भरा रहा है। कपड़ा, जूता-चप्पल, मिठाई, मेवा, गिफ्ट समेत शराब की दुकानों पर दो दिन के अंदर जमकर खरीदारी हुई। एक आकलन के मुताबिक जिले में करीब सौ करोड़ रुपये अधिक का कारोबार हुआ है।
जिला आबकारी अधिकारी विजय चौहान ने बताया कि दो दिन के अंदर जिलेभर की दुकानों पर छह करोड़ की देशी व अंग्रेजी शराब और दो करोड़ रुपये की बियर की बिक्री हुई है। अधिकांश दुकानों पर होली की पूर्व संध्या पर ही शराब का स्टॉक समाप्त हो गया था। इधर, गर्मी का मौसम आते ही सर्वाधिक मांग बीयर की रही।
होली पर सबसे ज्यादा नए कपड़े एवं जूते-चप्पल बिके। इससे कपड़ा व्यापारियों को खासा मुनाफा हुआ। कपड़ा व्यापारी ओमनाथ गुप्ता ने बताया कि पहले की अपेक्षा इस बार कपड़े का व्यापार अच्छा हुआ है। जिले भर की दुकानों एवं मॉल से करीब 60 करोड़ रुपये से अधिक के कपड़े बिकने के अनुमान है। इनमें जूता-चप्पल की बिक्री भी शामिल है।
गुझिया व मेवा के कारोबारियों के अनुसार इस बार हर साल से अच्छा व्यापारी हुआ है। अनुमान है कि इस बार इनका व्यापार दस करोड़ के पार पहुंच गया होगा। क्योंकि पिछले साल आठ करोड़ के पार व्यापारी हुआ था।
छह करोड़ का रंग-गुलाल उड़ा
होली पर करीब छह करोड़ का रंग-गुलाल उड़ा। इसके अलावा अब की बार बाजार में तरह-तरह पिचकारी, मास्क और टोपी भी विभिन्न तरह की थीं। इन्हें बच्चे पसंद कर रहे हैं। रंग-गुलाल के साथ ही पिचकारी आदि का भी कारोबार हुआ। रंग कारोबारी सलमान ने बताया कि इस बार लोगों ने जमकर अबीर-गुलाल खरीदा है। उन्होंने बताया कि पिचकारी का कारोबार भी ठीक रहा।
10 करोड़ के कचरी-पापड़ व अन्य सामान खा गए लोग
जिले भर में हाेली पर कारोबार हुआ। इसमें हम कचरी-पापड़ व अन्य खाने के सामान की बात करें तो करीब दस करोड़ क आस-पास का कारोबार होने का अनुमान व्यापारी लगा रहे हैं।