भोले की भक्ति में घुला देशप्रेम
- फोटो : भोले की भक्ति में घुला देशप्रेम
शिवभक्ति में लीन कांवड़ियों की टोलियों ने देशप्रेम की अनूठी मिसाल पेश की है। बम-बम भोले की गूंज के साथ ही कांवड़िये भारत माता के जयकारे लगाकर लोगों में देशभक्ति का जज्बा पैदा करते नजर आ रहे हैं। तिरंगा लहराते हुए कांवड़ लेकर निकले शिवभक्तों की जुबां पर ‘मेरी जान तिरंगा है, मेरी शान तिरंगा है’ और ‘ऐ मां तुझे सलाम...’ के साथ ही वंदेमातरम् की भी गूंज है।
शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा में तिरंगे की दस्तक यूं तो पिछले वर्षों में भी रही लेकिन इस बार भगवान भोलेनाथ की भक्ति के बीच देशप्रेम का जज्बा कुछ ज्यादा ही देखने को मिल रहा है। कछला से जल भरकर निकली टोलियों में शामिल लोगों के ज्यादातर के हाथ में तिरंगा लहराता दिखाई देता है। सुभाषनगर (बरेली) के नेमचंद्र और प्रेमकिशोर कहते हैं कि सावन में शिव की अर्चना से जहां बेशुमार पुण्य अर्जित होता है वहीं देश के प्रति हमारे अंदर नीहित आदर की भावना भी सामने आती है। कछला के महंत हरिओम शर्मा ने कहा कि आस्था किसी के कहने पर प्रदर्शित नहीं होती। इसी प्रकार देशभक्ति का जज्बा भी किसी के कहने पर प्रदर्शित नहीं होता। 12 साल के अर्जुन का कहना था कि यही जोश अमरनाथ यात्रियों पर हमला करने वाले कायर आतंकियों पर भारी पड़ेगा।