Five constables, including three constables injured in accident
- फोटो : Five constables, including three constables injured in accident
सुरक्षित कांवड़ यात्रा के लिए पुलिस-प्रशासन ने तमाम सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। एहतियात के तौर पर जिले में रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है। इसके बावजूद शनिवार को अलग-अलग सड़क हादसों में तीन कांवड़ियों समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो को बरेली रेफर किया गया है। हादसे बिनावर और उसावां में हुए।
बिनावर। शनिवार को कछला घाट पर बरेली और पीलीभीत के कांवड़िये काफी संख्या में जल भरने को पहुंचे। बरेली के मीरगंज के कांवड़ियों का जत्था भक्तिमय धुनों को थिरकता हुआ लौट रहा था। रास्ते में बिनावर के पास हाईवे पर एक पिकअप ने जत्थे में शामिल 25 वर्षीय अभिषेक नाम के कांवड़िये को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने आनन-फानन में घायल कांवड़िये को इलाज के लिए एंबुलेंस से बरेली भिजवाया। हादसे के बाद कांवड़िये नाराज हो गए। पुलिस ने किसी तरह से इनको शांत किया।
उसावां। प्रसिद्ध पटना देवकली मंदिर से शनिवार को जलाभिषेक कर लौट रहे बाइक सवार दो शिव भक्तों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। घायलों को बरेली रेफर किया गया है। उसावां कस्बे के वार्ड नंबर एक निवासी 22 वर्षीय मोहित सक्सेना और लालू गुप्ता पटना देवकली मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने गए थे। वहां से दोनों बाइक से लौट रहे थे। सुबह करीब छह बजे इनकी बाइक को पटना के पास कलान की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ने ट्रक को दौड़ा दिया। यूपी 100 ने पीछा करके ट्रक को म्याऊं के पास पकड़ लिया। बाद में कलान पुलिस ट्रक को अपने साथ ले गई। दोनों घायलों को बरेली रेफर किया गया है। इसके अलावा, चंदौसी रोड पर लाल पेट्रोल पंप के पास टेंपो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा शनिवार दोपहर हुआ। हादसे में नई बस्ती निवासी मुकेश और रोहन नाम के दो युवक घायल हो गए। इनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।