बदायूं। तीन दिन के लगातार अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही अस्पतालों के पंजीकरण काउंटर पर लंबी कतारें लग गईं। डॉक्टरों के चेंबर के बाहर मरीजों का तांता लगा रहा। स्थिति यह रही कि कई मरीज को काफी इंतजार करने के बाद डॉक्टरों से मिल सके।
जिला अस्पताल में आमतौर पर 800 से 900 मरीज आते हैं, लेकिन सोमवार को 1200 से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा संख्या बुखार के मरीजों की रही। अस्पताल प्रशासन ने भी माना कि ओपीडी में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है।
दरअसल, जिले के कई गांव इन दिनों मलेरिया और डेंगू के संक्रमण से प्रभावित हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से लगातार जांच कर दवाएं दी जा रही है, लेकिन फिर भी मरीजों की संख्या जिला अस्पताल में थमने का नाम नहीं ले रही।
ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार, इस समय सबसे ज्यादा मरीज तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर दर्द और प्लेटलेट्स की कमी जैसी शिकायत लेकर आ रहे हैं। डॉक्टरों ने मरीजों को साफ-सफाई रखने और मच्छर से बचाव करने की सलाह दी है।
दवा काउंटर पर लगी ज्यादा भीड़
जिला अस्पताल में डॉक्टरों को दिखाने के बाद काउंटरों पर दवा लेने के लिए भी घंटों इंतजार करना पड़ा। मरीज रमेश ने बताया कि डॉक्टर को दिखाने के लिए लाइन में लगे, अब दवा के लिए भी लाइन में लगना पड़ रहा है।
अवकाश के चलते बढ़ा दबाव
तीन दिन अवकाश के कारण अस्पतालों में ओपीडी बंद रही थी। ऐसे में मरीजों ने सोमवार का इंतजार किया। अवकाश के बाद जब अस्पताल खुले तो अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। यही हाल जिला महिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज का रहा।
अचानक आई भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम पहले ही कर लिए गए थे। मरीजों को जांच और इलाज में देरी न हो, इसके लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को लगातार काम करना पड़ा। - डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस
जिला अस्पताल में लगी मरीजों की लाइन। संवाद- फोटो : samvad