बदायूं। कासगंज-बरेली रेल रूट पर 11 महीने से बंद पैसेंजर ट्रेनों का संचालन अब चार मार्च से होगा। मंगलवार को इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर रेल मंडल की ओर से नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। ट्रेनों का संचालन पहले एक मार्च से होना था, किन्हीं कारणों से संचालन शुरू नहीं हो सका।
कासगंज-बरेली रेल रूट पर कासगंज-काशीपुर, कासगंज-बरेली सिटी पैसेंजर समेत बांद्रा-रामनगर और रामनगर-आगरा फोर्ट का संचालन होता था। कोरोना काल में करीब 11 महीने पहले दोनों पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। बाद में रामनगर-आगरा फोर्ट को भी निरस्त कर दिया गया। अब इस रूट पर सिर्फ बांद्रा-रामनगर एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है। यह अप-डाउन ट्रेन सप्ताह में दो दिन ही आती है। लंबी दूरी के यात्रियों के लिए तो यह मुफीद है, लेकिन कम दूरी के यात्रियों को बसों का सहारा ही लेना होता है। काफी समय से पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की मांग हो रही थी। पिछले सप्ताह पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर मुख्यालय ने सभी डिवीजन को एक मार्च से पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू कराने की तैयारियां के लिए लिखा था।
स्थानीय स्तर पर ट्रेनों के संचालन की तैयारी तो हो गई, लेकिन ट्रेनों के संचालन संबंधी नोटिफिकेशन रविवार शाम तक जारी नहीं हो सका। ऐसे में एक मार्च से ट्रेनों का संचालन लटक गया। अब पैसेंजर ट्रेनों का संचालन चार मार्च से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। मंगलवार शाम तक इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।
मंगलवार शाम तक पैसेंजर ट्रेनों के संचालन के संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि चार मार्च से ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। ट्रेनों के टाइम टेबल और किराया आदि को लेकर नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। - राजेंद्र सिंह, पीआरओ डीआरएम इज्जतनगर रेल मंडल