सैदपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) सहसवान जिले की सैदपुर नगर इकाई का पुनर्गठन कार्यक्रम बृहस्पतिवार को कस्बे के एक स्कूल में हुआ। इस दौरान पंकज शर्मा को नगर अध्यक्ष एवं नंदेश्वर दयाल सक्सेना को नगर मंत्री बनाया गया।
एबीवीपी के विभाग सह संयोजक मोहित शर्मा ने कहा कि एबीवीपी छात्र जीवन के माध्यम से युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और शैक्षिक जागरूकता का संचार करती है। जिले में एबीवीपी का लक्ष्य है कि प्रत्येक विद्यालय, महाविद्यालय, कोचिंग संस्थान, छात्रावास और गांव तक संगठन की वैचारिक पहुंच बनाई जाए, ताकि हर छात्र देश हित के लिए सोचने और कार्य करने की दिशा में आगे बढ़ सके। जिला सह संयोजक आशीष देव मिश्रा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
कहा कि निश्चित रूप से सैदपुर नगर में विद्यार्थी परिषद के कार्य को और विस्तार देने के लिए यह कार्यकारिणी प्रतिबद्ध रहेगी। व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण और समाज निर्माण से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सैदपुर नगर इकाई के कार्यकर्ता अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। इस मौके पर उपाध्यक्ष केशव शर्मा , फिरोज खान, जिला सह एसएफसी संयोजक शशांक शर्मा , पूर्व नगर अध्यक्ष सुधांशु पाराशरी ,सह मंत्री लक्की शर्मा, विवेक सिंह, आकाश सिंह, सोनू सिंह आदि मौजूद रहे।