बारिश के बाद कछला गंगा घाट का बढ़ा जलस्तर। संवाद
बदायूं। गंगा का जलस्तर बृहस्पतिवार सुबह से तेजी से बढ़ रहा है, जिससे घाट क्षेत्र में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। गंगा किनारे के गांवों में भी ग्रामीणों में दहशत बढ़ने लगी है।
कछला में बढ़ते जलस्तर के कारण बृहस्पतिवार को गंगा घाट पर रखे दर्जनों तख्त पानी की चपेट में आ गए। प्रसाद बेचने वाले ठेले और तख्त भी डूब गए। दुकानदारों ने गंगा के पानी में उतरकर अपनी दुकानों का सामान समेटा। बृहस्पतिवार देर रात तक गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता रहा। गंगा का जल खतरे के निशान की तरफ लगातार बढ़ रहा है। पानी का बहाव पहले की अपेक्षा काफी तेज हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आसपास के निचले इलाकों में भी खतरा मंडरा सकता है।
बाढ़ खंड के एक्सईएन उमेश चंद ने बताया कि लगातार बारिश के बाद जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। कई जलाशयों से भी पानी छोड़ा जा रहा है। बुधवार को गंगा में नरौरा डैम से दस हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। संवाद