बदायूं। नगर पंचायत अलापुर के ईओ पर प्रशासनिक, वित्तीय अनियमितताओं और विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाया गया है। मामले में पंचायत अध्यक्ष ने ईओ से जवाब मांगा है। इसको लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष ने अधिशासी अधिकारी को कारण बताओ अंतिम नोटिस जारी किया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष हुमा बी की ओर से ईओ को जारी नोटिस में कहा गया है कि अधिशासी अधिकारी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद से उपस्थिति रजिस्टर में अपना नाम तक दर्ज नहीं किया है। करीब छह माह से नियमित रूप से कार्यालय नहीं आए थे, जबकि वेतन का आहरण लगातार होता रहा।
ईओ की ओर से 14वें व 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत कामों की निविदा नहीं निकाली गई। ऐसे में यह महत्वपूर्ण काम आज तक शुरू नहीं हो सके। वहीं एक फर्म की ओर से समय से काम नहीं किया गया। उसके खिलाफ आज तक कोई वैधानिक कार्रवाई भी नहीं की गई। इसके अलावा नगर पंचायत के वार्षिक ठेकों की नीलामी न होने से राजस्व हानि की बात सामने आई।
आरोप लगाया कि अवस्थापना निधि, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, तालाब सौंदर्यीकरण योजना, कान्हा गोशाला योजना और अंत्येष्टि स्थल विकास योजना जैसी कई योजनाओं में धनराशि मिलने के बाद भी काम शुरू नहीं कराए गए हैं। लोगों को सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। इस संबंध में ईओ त्रिवेद्र कुमार ने बताया कि पंचायत अध्यक्ष की ओर से अभी तक बोर्ड की बैठक आयोजित नहीं की जा सकी है। इसकी वजह से बजट पास नहीं हो सका है। ऐसे में काम प्रभावित हो रहे हैं। जो भी आरोप हैं, वह निराधार हैं।