-पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंचीं, सुरक्षा बंदोबस्त हुए
-तीन प्रधान और दो बीडीसी सदस्य पदों के लिए होगा मतदान
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद रिक्त हुए जिले की तीन ग्राम पंचायतों में रिक्त प्रधान और बीडीसी सदस्यों यानी क्षेत्र पंचायत के दो पदों पर उपचुनाव शनिवार को होगा। इसके लिए शुक्रवार शाम तक संबंधित गांवों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। जिले में 12 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बता दें कि उपचुनाव में 14 ग्राम पंचायत सदस्य भी चुने जाने थे लेकिन इनमें से 13 पदों के लिए एक-एक नामांकन ही दाखिल होने से उनका निर्वाचन पहले ही निर्विरोध हो चुका है।
सहायक निर्वाचान अधिकारी पंचास्थानिक प्रमेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि जिले में दो बीडीसी और तीन प्रधानों का उपचुनाव कराया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रो पर समस्त तैयारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदान के बाद तीन जुलाई को संबंधित ग्राम पंचायतों के ब्लॉक मुख्यालयों पर मतगणना कराई जाएगी।
कहां पड़ेंगे वोट
-ब्लाक बिसौली के ग्राम पंचायत रतनपुर में ग्राम प्रधान पद के लिए मतदान होगा। यहां गांव के प्राथमिक विद्यालय को मतदान केंद्र बनाया गया है।
-ब्लाक इस्लामनगर के ग्राम पंचायत कुन्दियावली मुसिया नगला में ग्राम प्रधान पद के लिए वोट पड़ेंगे। गांव के प्राथमिक विद्यालय को मतदान केंद्र बनाया गया है।
-ब्लाक कादरचौक की ग्राम पंचायत मुर्राजरासी में भी प्रधान पद का चुनाव होगा। गांव के प्राथमिक विद्यालय को मतदान केंद्र बनाया गया हैद।
-ब्लाक आसफपुर के गांव महोरी के क्षेत्र पंचायत वार्ड 32 के लिए मतदान महोरी के प्राथमिक विद्यालय में होगा।
-ब्लाक सालारपुर के ग्राम बिलहत के क्षेत्र पंचायत वार्ड 79 के लिए मतदान होगा। बिलहत गांव के प्राथमिक विद्यालय को मतदान केंद्र बनाया गया है।