बदायूं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर होने वाले उपचुनाव में सोमवार को भाजपा की तरफ से प्रीति सागर ने नामांकन पत्र दाखिल किया वहीं सपा की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चंद्रा ने भी नामांकन पत्र जमा कर अपनी दावेदारी ठोक दी है। दमयंती वर्मा द्वारा पर्चा दाखिल न किए जाने के बाद कई तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर रिक्त चल रहे जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर उपचुनाव कराने की अधिसूचना जारी की गई। इसके तहत सात से 17 फरवरी तक नामांकन पत्रों की ब्रिकी और जमा होने थे। सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन था। ऐसे में सोमवार दोपहर के समय सबसे पहले सपा की घोषित प्रत्याशी/ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चंद्रा अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने के लिए कलक्ट्रेट पहुंची। उन्होंने तीन सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया। उसके बाद में भाजपा की घोषित प्रत्याशी प्रीति सागर ने अपने पति पूर्व विधायक योगेंद्र सागर और अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। उसके बाद में दमयंती वर्मा के नामांकन कराने का इंतजार करने लगे। लेकिन वह नामांकन कराने के लिए नहीं पहुुंची। समय अवधि पूर्ण होने के बाद में अधिकारियों ने नामांकन पत्रों की जांच शुरू कर दी, जिसमें दोनों ही प्रत्याशियों के पर्चे सही पाए गए। अब नामांन पत्रों की वापसी 20 फरवरी को होगी। उसके बाद में 24 फरवरी को मतदान सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। उसके उपरांत वोटों की गिनती होगी।
पूरे दिन कलक्ट्रेट पर रहा पुलिस का पहरा
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कराने का सोमवार को अंतिम दिन था। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से कलक्ट्रेट परिसर में पुलिस की तैनाती की गई। ताकि प्रत्याशी के साथ नामांकन कक्ष में निर्धारित संख्या के हिसाब से ही समर्थक पहुंचे।
बिसौली और इस्लामनगर में तीन-तीन प्रत्याशियों ने कराया नामांकन, उझानी में निर्विरोध जीत तय
बदायूं। जिले में खाली चल रहे उझानी, इस्लामनगर और बिसौली के ब्लॉक प्रमुख के पदों पर उपचुनाव होना है। इसको लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना सात फरवरी को जारी कर दी थी। इसके तहत सोमवार को नामांकन पत्रों का जमा करने का अंतिम दिन था। इसमें उझानी ब्लॉक प्रमुख पद पर एक और बिसौली व इस्लामनगर में तीन-तीन प्रत्याशियों द्वारा नामांकन कराया गया। इस दौरान ब्लॉक मुख्यालयों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
उझानी। ब्लॉक प्रमुख पद के उपचुनाव में भाजपा के हरवंश पहलवान ने सोमवार को पर्चा दाखिल किया, लेकिन किसी और दावेदार के सामने नहीं आने से अब उनका निर्विरोध निर्वाचित होना तय हो गया है। उन्होंने सपा की रत्नेश यादव को अविश्वास प्रस्ताव के जरिए पदमुक्त किया था। वहीं सोमवार को पूरे दिन ब्लॉक कार्यालय के बाहर भाजपा नेताओं समेत उनके समर्थकों का जमघट लगा रहा। समर्थकों की हौसला अफजाई के लिए शेखूपुर के विधायक धर्मेंद्र शाक्य, पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल, रानी सिंह पुंडीर, नगर अध्यक्ष अखिल अग्रवाल, योगेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य सत्यवीर सिंह, शिशुपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
बिसौली। ब्लाक प्रमुख पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसमें पूर्व ब्लाक प्रमुख श्रीवती यादव के पति रामवीर सिंह अपनी पत्नी, गंगालहरी शर्मा, राजकुमारी आदि समर्थकों के साथ विकासखंड परिसर स्थित नामांकन स्थल पर पहुंचे। वहीं भाजपा नेता अमित पाठक व उनकी पत्नी विनीता पाठक ने अपने समर्थकों के साथ में पर्चा दाखिल किया। पूर्व विधायक योगेंद्र सागर, जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय, रामवीर सिंह एडवोकेट, अक्कू रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
इस्लामनगर। ब्लॉक प्रमुख पर यहां पर भी तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इसमें भाजपा की तरफ से अनुपमा सिंह अपने समर्थकों के साथ में पहुंची। सपा की तरफ से पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेश यादव की पत्नी कैलाशो देवी और उनके बेटे दिनेश यादव ने भी पर्चा भरा। ब्लॉक परिसर में पूरे दिन पुलिस फोर्स तैनात रही।