बदायूं। शहर कोतवाली क्षेत्र में कुछ खुराफाती तत्वों ने पीएसी जवान के 12 साल के बेटे को धमकाकर घर से एटीएम मंगा लिया। इसके बाद ठगों ने खाते से नौ लाख रुपये निकाल लिए। सिर्फ 30 हजार रुपये ही छोड़े। पीएसी जवान के ई-मेल पर जब मैसेज आए तो उन्होंने मामले की छानबीन की और बाद में कोतवाली आकर पुलिस को तहरीर दी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लोचीनगला निवासी मोहम्मद फिरोज सेना से सेवानिवृत्त हैं। वह इस समय पीएसी की आठवीं बटालियन बरेली में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि उनका एटीएम कार्ड घर पर ही रहता है। उनकी पेंशन और वेतन एटीएम से जुड़े खाते में आता है। मोहल्ले के कुछ ठग युवकों ने उनके 12 साल के बेटे उजैफ को अपने झांसे में ले लिया। कुछ दिन पहले उसे धमकाया कि उसके परिवार को जिंदा मार दिया जाएगा। इसके बदले में वह अपने घर से एटीएम कार्ड लाकर दे।
उजैफ डर गया। उसने अपने घर से एटीएम ले जाकर आरोपियों को दे दिया। इसके बाद उन्होंने एक नया पिन जारी कर लिया। फिर उन्होंने एटीएम और यूपीआई के माध्यम से नौ लाख रुपये निकाल लिए। आरोपी उनके मोबाइल में आने वाले मैसेज भी बच्चे से डिलीट करवा देते थे। अभी चार दिन पहले उन्होंने अपना ईमेल चेक किया था। उसमें बैंक से आए रुपये निकालने के मेल पड़े थे। देखते ही उनके होश उड़ गए। फिलहाल उनके खाते में केवल 30 हजार रुपये बचे हैं। उन्हाेंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर आई है। उसकी जांच कराई जा रही है। इसमें आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एटीएम के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जाएंगे।