बदायूं। जिले में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए जिला प्रशासन ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। इसको लेकर शासन से मंजूरी मिल गई। वहीं जिला प्रशासन ने फर्म को मई के अंतिम सप्ताह तक प्लांट को शुरू करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में फर्म द्वारा वर्क ऑर्डर तैयार कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि ऑक्सीजन प्लांट बनने से 200 बेड को ऑक्सीजन की सप्लाई मिला करेगी।
पूरे प्रदेश में ऑक्सीजन का संकट बना हुआ है। ऐसे ही हालात बदायूूं जिले के हैं। यहां पर जिला प्रशासन के द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेज को कोविड-19 अस्पताल बनाया गया है। यहां पर भर्ती अधिकांश मरीजों को ऑक्सीजन दी जा रही है। ऐसे में यहां पर ऑक्सीजन की बेहद ज्यादा जरूरत पड़ रही है। क्योंकि जिले में कोई ऑक्सीजन प्लांट नहीं होने के कारण जिला प्रशासन को अन्य जिलों पर निर्भर होना पड़ रहा है। ताकि उन्हें ऑक्सीजन सप्लाई मिल सके। इसको ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की तरफ से शासन को ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए प्रस्ताव पिछले दिनों शासन को भेजा था। मंजूरी मिलने के बाद में डीएम दीपा रंजन ने संबंधित फर्म को 30 दिन का समय दिया है। जिसके बाद में फर्म की ओर से वर्क आर्डर तैयार किया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि मई के आखिरी सप्ताह तक ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार हो जाएगा।
200 बेड को मिलेगी ऑक्सीजन सप्लाई
जिला प्रशासन के अनुसार, ऑक्सीजन प्लांट बनने के बाद 200 बेड को ऑक्सीजन की सप्लाई दी जा सकेगी। ऑक्सीजन के लिए किसी अन्य जिले से सप्लाई के लिए ज्यादा निर्भर नहीं होना पड़ेगा।
ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए शासन से अनुमति मिल चुकी है। इसके लिए संबंधित फर्म को 30 दिनों के अंदर इसको पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके शुरू हो जाने के ऑक्सीजन की किल्लत नहीं रहेगी। - दीपा रंजन, डीएम