बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास बृहस्पतिवार को ऑक्सीजन का बैकअप करीब 18 घंटे का ही बचा है। हालांकि, काशीपुर और बरेली प्लांट से बुधवार रात और बृहस्पतिवार को ऑक्सीजन सिलिंडर मिले हैं, लेकिन खपत के अनुपात में ऑक्सीजन न मिलने के कारण हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं। मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन पर रखे गए गंभीर संक्रमितों की संख्या अब 100 तक पहुंच चुकी है। ऑक्सीजन की कमी के कारण संक्रमितों की जान पर कब बन जाए, इसको लेकर अधिकारी भी परेशान हैं।
कोरोना की लगातार घातक हो रही दूसरी लहर के दौरान जिले में रोज ऑक्सीजन की कमी के कारण मौतें हो रही हैं। बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमण के करीब 600 नए मामले सामने आए हैं। दूसरी लहर के दौरान अब तक आठ हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल 2768 मामले एक्टिस हैं। मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों की बृहस्पतिवार को 106 हो गई है। इसके अलावा 40 लोग ऐसे हैं जो दूसरे जिलों और प्रदेशों में इलाज करा रहे हैं। 2622 लोगों को घरों में क्वारंटीन किया गया है। लगातार नए मामले सामने आने के कारण हालात खराब हो रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि ऑक्सीजन की किल्लत लगातार बनी हुई है।
बुधवार रात और बृहस्पतिवार को दिन में मेडिकल कॉलेज को काशीपुर से 60, बरेली से 45 ऑक्सीजन सिलिंडर की सप्लाई मिली है, लेकिन मांग के अनुपात में सप्लाई न मिलने के कारण हालात को किसी तरह काबू में किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के पास करीब 18 से 20 घंटे का ऑक्सीजन बैकअप बताया जा रहा है। बृहस्पतिवार को यहां से बरेली और काशीपुर के लिए ऑक्सीजन सिलिंडर की खेप लेने के लिए गाड़ियां रवाना हो गई हैं।
निजी अस्पतालों के सामने खड़ा हुआ संकट
कोरोना मरीजों के लिए तो मेडिकल कॉलेज में इलाज की व्यवस्था है, लेकिन ऑक्सीजन के जरूरतमंद अन्य मरीजों को न तो जिला अस्पताल और न ही निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन मयस्सर हो रही है। निजी अस्पतालों को करीब 12 दिन से ऑक्सीजन की सप्लाई ही नहीं मिली है। दरअसल, ऑक्सीजन प्लांट इन दिनों केवल सरकारी सप्लाई कर रहे हैं। मांग में पहले के मुकाबले काफी इजाफा हुआ है। ऐसे में कोरोना के अतिरिक्त अन्य गंभीर ऑक्सीजन के जरूरतमंद मरीजों के सामने गंभीर हालात हैं। निजी अस्पतालों के सामने भी संकट पैदा हो गया है। कुछ निजी अस्पतालों के पास पोर्टेबल ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर मशीन हैं। इनके सहारे वह किसी तरह से मरीजों की जान बचा रहे हैं।
जिला अस्पताल में फिर गहराया ऑक्सीजन संकट
जिला अस्पताल में एक बार फिर से ऑक्सीजन का संकट मंडराने लगा है। यहां शनिवार से ऑक्सीजन नहीं है। मेडिकल कॉलेज की ओर से दो बार में चार ऑक्सीजन सिलिंडर जिला अस्पताल को दिए गए थे। बुधवार को दिए गए दो सिलिंडर भी अब खत्म हो गए हैं। जिला अस्पताल प्रशासन ऑक्सीजन की कमी को पूरा करने के लिए बरेली, काशीपुर और अलीगढ़ ऑक्सीजन प्लांट के अधिकारियों के संपर्क में है। सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम का कहना है कि किसी तरह से हालात को संभाला जा रहा है। जरूरतमंद मरीजों को ही ऑक्सीजन दी जा रही है।
काशीपुर और बरेली से ऑक्सीजन सप्लाई मिल रही है। मेडिकल कॉलेज के पास करीब 20 घंटे का ऑक्सीजन बैकअप है। इस समय मेडिकल कॉलेज में 106 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। 97 फीसदी संक्रमितों को ऑक्सीजन की जरूरत है। मांग के अनुरूप ऑक्सीजन जुटाई जा रही है। - डॉ. यशपाल सिंह, सीएमओ