बदायूं। एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत होने के एक माह बाद बृहस्पतिवार को शहर का एकमात्र ओवरब्रिज आवागमन के लिए खोल दिया गया। इससे शहरवासियों को राहत मिलने के साथ उनके सामने नई परेशानी भी आ गई। ओवरब्रिज पर कुछ एक्सपेंशन ज्वाइंट सामान्य सतह से ऊंचे हो गए हैं। इससे गुजरने के दौरान वाहन चालकों को झटके लग रहे हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह जब लोग ओवरब्रिज से वाहन लेकर गुजरे तो ऊंचे बने एक्सपेंशन ज्वाइंट की खामियों की चर्चा करने लगे। कुछ ज्वाइंटस ब्रेकर की तरह लग रहे हैं। उन पर गाड़ी उछल रही है। व्यापारियों और पुल से गुजरने वाले लोगों का कहना है कि एक महीने तक वैकल्पिक मार्ग से आने-जाने की परेशानी झेलने के बाद समस्या का स्थायी समाधान नहीं दिखा।
रात में ऊंचे ज्वाइंट दिखाई नहीं देंगे, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि तकनीकी टीम भेजकर ऊंचे हुए एक्सपेंशन ज्वाइंट को समतल कराया जाए। करोड़ों की लागत से बना ओवरब्रिज शहर की लाइफलाइन है।
राहगीरों ने बताई अपनी-अपनी परेशानी-
पहले पुल पर एक्सपेंशन ज्वाइंट पर गड्ढे की वजह से लोगों को झटके लग रहे थे। अब एक्सपेंशन ज्वाइंट ऊंचे होने की वजह से ब्रेकर की तरह लग रहे, इन्हें ठीक किया जाए। - संतोष, राहगीर
एक माह बाद पुल का संचालन शुरू हुआ तो काफी राहत मिली, लेकिन एक्सपेंशन ज्वाइंट ऊंचे होने के कारण बाइक उछल रही है जो खतरनाक हो सकती है। -नीरज कुमार, राहगीर
एक्सपेंशन ज्वाइंट में गैप की मरम्मत करा दी गई है। बृहस्पतिवार से इसे खोल भी दिया गया है। ज्वाइंट को रोड से ऊंचा करके बनाया गया है, ताकि आगे चलकर जब रोड बने तो यह ज्वाइंट नीचे दब जाए। अगर आने-जाने में लोगों को दिक्कत हो रही है तो मौके की जरूरत के हिसाब से कुछ अन्य काम कराया जाएगा। -नरेश कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग
संतोष
संतोष