बदायूं। सीएमओ का एक आदेश विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीतिक गलियारों में भी इस पर बातें हो रही हैं। शुक्रवार को आदेश जारी किए जाने के बाद शनिवार को दिन भर सीएमओ ऑफिस में गहमा-गहमी का माहौल रहा। एनएचएम के तहत जिले भर के ब्लॉकों में तैनात बीपीएम, बीसीपीएम, बीएएम, एमसीटीएस ऑपरेटर्स संविदा कर्मचारियों ने काम नहीं किया। तमाम कर्मचारी दिन भर सीएमओ ऑफिस में जमे रहे।
दरअसल, सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह ने शुक्रवार को एक आदेश जारी किया था। इसमें कहा गया है कि एनएचएम के तहत जिले के ब्लॉकों में संविदा पर सेवाएं दे रहे ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक, ब्लॉक लेखा प्रबंधक और एनसीटीएस ऑपरेटर्स का ट्रांसफर डीएम के निर्देश पर किया जाना है। आदेश के साथ एक प्रारूप भी दिया गया है। कहा गया है कि सभी बीपीएम, बीसीपीएम, बीएएम, एमसीटीएस ऑपरेटर्स प्रारूप में अपने पसंद के तीन ब्लॉक भरके दे दें। शनिवार दोपहर 12 बजे तक ऐसा न करने पर सीधे ट्रांसफर कर दिया जाएगा। इसके साथ आदेश में यह भी चेतावनी दी गई कि अगर किसी कर्मचारी ने किसी माननीय, जनप्रतिनिधि, असरदार व्यक्ति या बड़े अधिकारी से तबादला के संबंध में सिफारिश कराई तो सीधे उसकी सेवाओं को समाप्त कर दिया जाएगा। आदेश कर्मचारियों तक पहुंचा तो हड़कंप मच गया। माननीयों से सिफारिश और सेवाएं समाप्त संबंधी बात का आदेश में जिक्र होने को लेकर सीएमओ का आदेश स्वास्थ्य विभाग के साथ राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, शनिवार को तबादले नहीं हो सके हैं।
कुछ कर्मचारी अनावश्यक रूप से दबाव बनवाते हैं। यह कर्मचारी माननीयों को गुमराह करके अपना तबादला मनमानी जगह कराना चाहते हैं। कई ऐसे मामले हो चुके हैं। ऐसे में काम प्रभावित होता है। इसी को लेकर यह आदेश जारी किया गया है।
- डॉ. मंजीत सिंह, सीएमओ