कादरचौक। मछली पकड़ने गया युवक बुधवार को गंगा में डूब गया था। पहले तो परिवार और गांव के लोग ही उसकी तलाश करते रहे। कोई सुराग नहीं लगा तो शनिवार को परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। अब पुलिस ने गोताखोरों के जरिये युवक की तलाश शुरू की है।
कादरचौक का गांव जोरी नगला गंगा का तटवर्ती गांव है। गांव के लोग अक्सर गंगा में मछली पकड़ने जाते हैं। बुधवार को गांव के सत्यपाल का 24 वर्षीय बेटा अनिल गंगा में मछली पकड़ने गया था। जाल डालने के बाद वह जाल निकालने के लिए गंगा में घुसा तो गहराई में जाने से डूब गया। गंगा के तटवर्ती गांवों के ज्यादातर लोग गोताखोर और तैराक होते हैं। ऐसे में परिवार और गांव के लोगों ने अपने स्तर से ही गंगा में अनिल की तलाश शुरू कर दी। जब उसका कुछ पता नहीं लगा तो शनिवार को अनिल के पिता कादरचौक थाने पहुंचे। थाना पुलिस को बेटे के गंगा में डूबने की लिखित तहरीर दी। पुलिस ने गोताखोरों के जरिए तलाश शुरू करा दी है। मगर अनिल का अभी तक कुछ पता नहीं लग सका है।