उझानी (बदायूं)। बदायूं निवासी टेंपो चालक मनोहर की पिटाई के मामले में शनिवार को कई चालक एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव से मिले। मनोहर समेत टेंपो चालकों ने ठेकेदार और उसके कारिंदों पर जबरन वसूली और पीटे जाने का आरोप लगाया, साथ ही पार्किंग शुल्क वसूली पर रोक लगाने की मांग कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। देर शाम नगर पालिका की ओर से पार्किंग वसूली को पूरी तरह रोक लगा दी गई।
बदायूं निवासी राजीव कुमार के नेतृत्व में एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव से मिले टेंपो चालकों ने जिले में अधिकतर स्थानों पर पार्किंग शुल्क नहीं वसूले जाने के बारे में बताया। कहा कि बदायूं शहर समेत कई नगर पालिकाएं पार्किंग स्थल नहीं होने से शुल्क नहीं वसूल रही हैं। तत्कालीन नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने भी बदायूं दौरे के दौरान यही कहा था कि जहां पार्किंग स्थल नहीं हैं, वहां-वहां शुल्क नहीं वसूला जाना चाहिए। टैंपो चालकों ने शुक्रवार को मनोहर को पीटे जाने और गुंडई का वीडियो भी एसपी को दिखाया। आरोप है कि पुलिस ने मनोहर को ही हवालात में बंद करके वसूली करने वालों का साथ दिया था। टेंपो चालकों ने मनोहर की ओर से तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार भी लगाई। राजीव ने बताया कि एसपी ने टेंपो चालकों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। एसपी से मिले टेंपो चालकों में सोनू, सलीम, आदिल, श्रीकृष्ण नेमपाल और मंसूर आदि शामिल थे। इधर, देर शाम नगर पालिका के ईओ डॉ. धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि पार्किंग शुल्क पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अब किसी से पार्किंग के नाम पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
नगर पालिका उझानी का पार्किंग वसूली ठेका बंद कर दिया गया है । ठेकेदार अपनी नीलामी के दौरान जमा की गयी धनराशि को अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका कार्यालय उझानी से नियमानुसार वापस प्राप्त कर लें। यदि इसके बाद कोई व्यक्ति पार्किंग शुल्क वसूल करते पाया जाता है तो उसकी सूचना मेरे मोबाइल फोन पर कोई भी व्यक्ति दे सकता है। वसूली करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।
विनोद कुमार चाहर, इंस्पेक्टर उझानी