जरीफनगर(बदायूं)। खाद्य विभाग की टीम ने रविवार को दहगवां में दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान दुकानों पर मिठाइयों की गुणवत्ता को देखा और दुकानों के लाइसेंस भी चेक किए। दो व्यापारियों ने लाइसेंस नहीं होने की बात कही, इस पर उन्हें लाइसेंस बनवाने के निर्देश देते हुए दो दिन का समय दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार ने दहगवां में मिठाइयों की दुकानों पर छापा मारा। छापेेमारी के दौरान उन्होंने व्यापारियों से दुकानों को चलाने का लाइसेंस मांगा। दो दुकानों पर व्यापारियों के पास लाइसेंस नहीं थे। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने उन व्यापारियों को दो दिन का समय लाइसेंस के आवेदन करने के लिए दिया। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम के द्वारा छापे की सूचना पर व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कुछ व्यापारी अपनी दुकानों को बंद करके वहां से निकल लिए। उन्होंने व्यापारियों को चेताया कि खाद्य पदार्थों में कोई भी किसी तरह की मिलावट न करें, अगर ऐसा करते हुए मिलते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।