बदायूं। सीजेएस मोहम्मद तौसीफ रजा ने कोर्ट को भ्रामक जानकारी देकर गुमराह करने व कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने पर कड़ा रुख अपनाते हुए सिविल लाइंस कोतवाली के दरोगा पर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पुराना बर्फखाना निवासी विक्रम सिंह पुत्र बलवीर सिंह ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि सिविल लाइन कोतवाली के दरोगा द्वारा उसे परेशान किया जा रहा है। थाना पुलिस उसे झूठे मुकदमे में गिरफ्तार करना चाहती है।
कोर्ट ने इस मामले में दरोगा से आख्या तलब की। कोर्ट को भेजी आख्या में दरोगा ने कहा कि थाने के अभिलेखों में विक्रम वांछित है। इसके समर्थन में दरोगा ने डीसीआरबी रिपोर्ट भी संलग्न की है। इस दौरान पीड़ित के अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि एक मामले में उच्च न्यायालय से पीड़ित को स्टे प्राप्त है, जबकि दूसरे मामले में पीड़ित हाजिर है।
कोर्ट में दाखिल अपनी आख्या में दरोगा ने कहा कि विक्रम ने कई लोगों से लोन दिलाने के नाम पर रकम हड़प ली है। लोगों ने इसकी शिकायत थाने पर आकर की है। दरोगा का कहना है कि पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए विक्रम उसकी झूठी शिकायत कर रहा है। कोर्ट ने दरोगा से पूछा कि इस संबंध में कब-कब और किसने शिकायत की और उन शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई।
कोर्ट ने माना कि इस बारे में दरोगा ने कोर्ट में भ्रामक आख्या दी। इसके बाद कोर्ट ने दरोगा को न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का आदेश दिया, लेकिन दरोगा कोर्ट में उपस्थित नहीं हुआ। सीजेएम ने कोर्ट को भ्रामक जानकारी देने पर सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को दरोगा पर रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट को अवगत कराने के आदेश दिए हैं।