बिल्सी के तहसील दिवस में शिकायत पर नाराज हुए डीएम
बाल विकास विभाग से संचालित पुष्टाहार वितरण योजना में नियमित पुष्टाहार का वितरण न कराने वाली आंगनबाड़ी वर्कर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश डीएम ने दिए हैं। तहसील बिल्सी में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में डीएम पवन कुमार को पुष्टाहार का वितरण न करने की शिकायतें मिलीं। इनको गंभीरता से लेकर उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी से कहा कि जांच में यदि यह पाया जाए कि पुष्टाहार का वितरण न किया गया है तो संबंधित आंगनबाड़ी वर्कर और सहायिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
विधानसभा चुनाव के बाद मंगलवार को पहला तहसील दिवस था। तहसील दिवस में 30 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सात का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। ग्राम सिरतौल की बविता ने शिकायत की कि आंगनबाड़ी वर्कर पुष्टाहार का वितरण करने के बजाए पशु पालकों को बेच देती हैं। इस पर डीएम ने कड़ी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग एवं खाद्यान्न वितरण न करने की शिकायतें ज्यादा संख्या में प्राप्त हुईं। बिना रीडिंग लिए बिल प्राप्त होने की शिकायत करते हुए बिल्सी के इसहाक नूरी ने बताया कि अक्तूबर 2016 में उसके यहां मीटर लगाया था और आज तक न ही रीडिंग ली गई है और न ही बिल प्राप्त हुआ है। ग्राम राजपुर रोशन नगर के वलदेव सिंह ने कोटेदार राजेश कुमार तथा ग्राम पंचायत गढ़ी खानपुर के सोनपाल ने कोटेदार चरन सिंह की शिकायत की कि कोटेदारों ने लंबे समय से राशन का वितरण नहीं किया है और करते भी हैं तो अधिक मूल्य पर मानक से कम देते हैं। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी के उपस्थित न होने के कारण डीएम ने पूर्ति निरीक्षक को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
दो दिन में गिरफ्तार करें आरोपी
बिल्सी में 16 मार्च को गर्म तेल फेंकने की घटना के सभी नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी न होने के मामले को डीएम एवं एसएसपी ने गंभीरतापूर्वक लेते हुए तहसील दिवस में थानाध्यक्ष बिल्सी को निर्देश दिए कि दो दिन में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। बता दें कि 16 मार्च को उक्त घटना में गोपीकिशन, राधाकिशन, ओमकिशन, रामकिशन, वागीश माहेश्वरी, दिलीप माहेश्वरी, श्याम किशन, मोनू के खिलाफ मुकदमा हुआ था, जिसमें मात्र दो आरोपी वागीश माहेश्वरी तथा रामकिशन को ही गिरफ्तार किया गया। बिल्सी निवासी अंकित माहेश्वरी ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। इस पर डीएम एवं एसएसपी ने बाकी सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के निर्देश दिए। तहसील दिवस में सीडीओ अच्छे लाल सिंह यादव, एसडीएम विधान जायसवाल, डीआरओ रण विजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।