जिले के एक परीक्षा केंद्र पर इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान का पेपर समय से पहले खोल लिए जाने की खबर से शिक्षा विभाग के अधिकारियों में खलबली मच गई। बात मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक शिवप्रकाश द्विवेदी तक पहुंच गई। जेडी ने जिला विद्यालय निरीक्षक से पूछताछ की तो उन्होंने तत्काल एक सचल दल को भेजा। सचल दल ने पाया कि पेपर पहले नहीं खुला है। तब कहीं जाकर विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
यूपी बोर्ड की परीक्षा जिले के 106 केंद्र पर संचालित हो रहीं हैं। इनमें कई विद्यïलय वर्षों से नकल को बदनाम रहे हैं, सो विभागीय अधिकारियों की उन केंद्रों पर शुरू से ही नजर रखी है। बुधवार सुबह किसी ने मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक को सूचना दी कि सत्यदेव विद्यïपीठ इंटर कालेज जवाहरनगला में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान द्वितीय का पेपर पहले खोल लिया गया है। इस बारे में जब जेडी शिवप्रकाश द्विवेदी ने जिला विद्यïलय निरीक्षक वीना यादव से जानकारी ली, तो उन्होंने जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। इस पर जेडी ने उन्हें केंद्र पर जाकर स्थिति के बारे में पता कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जेडी के निर्देश पर डीआईओएस वीना यादव ने तुरंत ही एक सचल दल को सत्यदेव विद्यापीठ इंटर कॉलेज को भेजा। सचल दल ने जांच की पाया कि इस तरह का कोई मामला नहीं है। शाम को डीआईओएस वीना यादव ने बताया कि पेपर पहले नहीं खुला था। सचल दल के सामने ही पेपर का बंडल खोला गया था।
----
पेपर आउट होने की अफवाह से परेशान रहे अधिकारी
बदायूं। बुधवार की दोपहर को यह अफवाह भी तेजी से उड़ी कि जिले के किसी एक केंद्र पर इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान का पेपर आउट हो गया है। डीआईओएस वीना यादव ने इस बारे में बताया कि उन्हें भी ऐसी सूचना मिली थी। उन्होंने सभी केंद्रों से जानकारी ली थी। सचल दलों को भी सचेत कर दिया था,लेकिन यह सिर्फ अफवाह ही निकली। खैर,इस अफवाह से विभागीय अधिकारी परेशान रहे।
-----
शांतिपूर्वक निपटी संगीत वादन की परीक्षा
बदायूं। बुधवार को प्रथम पाली में इंटर संगीत वादन की परीक्षा थी। कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार जिले के सभी केंद्रों पर कुल 256 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिनमें 250 ने परीक्षा थी। छह गैरहाजिर रहे।
-----
परीक्षार्थी सात,कक्ष निरीक्षक 18
उसहैत। गढ़िया हरदोपट्टी स्थित प्रेमादेवी इंटर कालेज में आज इंटर रसायन विज्ञान के पेपर में सात परीक्षार्थी शामिल हुए। इन परीक्षार्थियों की देखभाल को 18 कक्ष निरीक्षक लगे रहे।