राजकीय इंटर कॉलेज में बने मॉनिटरिंग कक्ष में काम करते कर्मचारी। संवाद
बदायूं। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज में एक मॉनिटरिंग कक्ष की स्थापना की गई है। इस कक्ष से जिले के सभी 98 परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी, ताकि परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके।
जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसी कैमरों को मॉनिटरिंग कक्ष से जोड़ा गया है। यहां तैनात कर्मचारी लगातार लाइव फीड के माध्यम से प्रत्येक केंद्र की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। यदि किसी भी केंद्र पर अनुचित गतिविधि या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक या अन्य जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, जिले के इस सर्वर को जल्द ही मंडल और प्रदेश मुख्यालय के मुख्य सर्वर से जोड़ा जाएगा। इसके लिए तकनीकी कार्य तेजी से किया जा रहा है। मुख्य सर्वर से कनेक्ट होने के बाद उच्च स्तर पर भी जिले के परीक्षा केंद्रों की निगरानी संभव हो सकेगी। इससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका और कम हो जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही यह प्रणाली अचानक होने वाली किसी भी समस्या या शिकायत पर त्वरित कार्रवाई में भी सहायक होगी। डीआईओएस लालजी यादव का कहना है यूपी बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलमुक्त वातावरण में कराई जाए। इसके लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है।